Vijay Kumar Yadav: Varanasi, 24th November, 2026. काशी में देव दीपावली के आयोजन के पीछे एक कथा है। तारकासुर के तीनों पुत्र थे, तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली। इन तीनों ने कठिन तपस्या कर ब्रह्मा जी से सोने, चांदी और लोहे के अजेय नगर प्राप्त किये। शक्तिशाली होने पर तीनों भाइयों ने तीनों लोकों और देवताओं को सताना शुरू कर दिया। परेशान देवता भगवान शिव की शरण में पहुंचे। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने दिव्य रथ और बाण से तीनों नगरों का नाश कर त्रिपुरासुर का वध किया। इसी कारण शिव ‘त्रिपुरारी’ कहलाए।
अधर्म पर धर्म की जीत से प्रसन्न होकर सभी देवी-देवता स्वर्ग से काशी पधारे। मान्यता है कि देवताओं ने गंगा स्नान किया और भगवान शिव के सम्मान में काशी के घाटों पर असंख्य दीप जलाए। तभी से हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को काशी में देवताओं की दिवाली यानी देव दीपावली मनाई जाती है।
